हथियार का जुनून:जिला में औसतन हर 115वें बालिग के पास लाइसेंस, 935 ऐसे जिनके पास हैं 1 से ज्यादा हथियार, हथियार रखना अब महिलाओं को भी पसंद

orig_2_1645041032

हथियार रखना अब महिलाओं की भी पसंद बन रहा है। अब तक पुरूष ही इसे स्टेटस सिंबल या सुरक्षा की दृष्टि से रखना पसंद करते थे। लेकिन अब लव-मैरिज करने वाली युवतियां अपने पार्टनर के नाम शस्त्र लाइसेंस न बनवा कर खुद के शस्त्र लाइसेंस बनवाने को तवज्जो दे रही हैं। वे ऑनर कीलिंग होने का डर बताकर पुलिस सुरक्षा न लेकर खुद का हथियार साथ रखना सही मान रही हैं। जिला में पिछले दिनों ऐसे कई महिलाओं ने शस्त्र लाइसेंस बनवा कर महंगे हथियार खरीदे हैं। अब तक कैथल जिला में 37 महिलाओं के शस्त्र लाइसेंस बन चुके हैं। वहीं जिला के लोगों में हथियार रखने का कितना जुनून चढ़ा है।

इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कैथल में हर 115वें व्यक्ति का शस्त्र लाइसेंस बना हुआ है। जिला में 18 साल से ऊपर की कुल आबादी फिलहाल 8 लाख 11 हजार 718 है। इसमें से 7022 लोगों के शस्त्र लाइसेंस बने हुए हैं। पंजाब सीमा से सटे गुहला चीका क्षेत्र के लोगों की संख्या बाकी जिला की तुलना में काफी ज्यादा है। खास बात यह है कि जिन लोगों के शस्त्र लाइसेंस बने हुए हैं, वे काफी साल पुराने हैं। पिछले सालों में लाइसेंस काफी कम संख्या में बने हैं। जबकि वर्ष 2015 से पहले हर साल सैंकड़ों लोगों के जिला में लाइसेंस बनाए जाते रहे हैं।

लाइसेंस के लिए लगती हैं बड़ी-बड़ी सिफारिशें
लोगों पर शस्त्र लाइसेंस बनवाने का जुनून चढ़ा है। इसके लिए वह जहां लाखों रुपए खर्च करने को तैयार हैं वहीं नेताओं की बड़ी-बड़ी सिफारिशें भी लगवाते हैं। जिस व्यक्ति का जिला प्रशासन द्वारा शस्त्र लाइसेंस बनाया जाता है उससे रेडक्रॉस में 21 हजार की राशि डोनेट की जाती है और बकायदा इसकी रसीद भी दी जाती है। जिला में काफी युवा ऐसे हैं जो स्टेटस सिंबल के तौर पर लाइसेंसी हथियार रखना चाहते हैं। इस पर वे लाखों रुपए खर्च कर महंगा हथियार खरीद कर ला रहे हैं।

जानिए…2015 से लेकर अब तक कितने लोगों के शस्त्र लाइसेंस बनाए गए

  • वर्ष शस्त्र – लाइसेंस संख्या
  • 2015 – 143
  • 2016 – 79
  • 2017 – 117
  • 2018 – 128
  • 2019 – 45
  • 2020 – 23
  • 2021 – 51
  • 2022 अब तक – 10
  • कुल बने – 596

प्रशासन सख्त…8 माह में 17 शस्त्र लाइसेंस रद्द किए
जिला प्रशासन लाइसेंस धारकों के साथ अब सख्ती से पेश आ रहा है। कोई भी शस्त्र लाइसेंस धारक यदि विभिन्न अपराधिक वारदात में शामिल पाया जाता है तो तुंरत ही उनके शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिए जाते हैं। डीसी प्रदीप दहिया ने पिछले 8 माह के दौरान ऐसे 17 लोगों के शस्त्र लाइसेंस रद्द किए गए हैं। इससे पहले कभी भी इतने कम समय में इतने लोगों के शस्त्र लाइसेंस रद्द नहीं किए गए थे।

भास्कर सरोकार : संभलकर रखिए घर में हथियार…इन 2 घटनाओं से जानिए कितना महंगा पड़ सकता है हथियार रखना

केस 1: जनवरी 2020 में ससुर ने लाइसेंसी बंदूक से पुत्रवधू का कर दिया था कत्ल
शहर की भगत सिंह काॅलोनी में जनवरी 2020 में आरोप है कि शराब के नशे में रिटायर्ड फौजी लालसिंह ने अपनी पुत्रवधू मंजू को मामूली सी बात पर हुई कहासुनी में घर में रखी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। जिस पुत्रवधू की हत्या की गई वह प्राइमरी स्कूल में अध्यापिका थी।

केस 2: अप्रैल 2020 में सब इंस्पेक्टर ने रिवाॅल्वर से बेटे की हत्या की थी
पुलिस लाइन की रिहायशी क्वार्टर में अप्रैल 2020 में सब इंस्पेक्टर सतबीर सिहं ने घरेलू कलह के चलते रिवाॅल्वर से फायरिंग करने का आरोप है। फायरिंग में उसके दो बेटे और पुत्रवधू घायल हो गए। एक बेटे की मौत हो गई। झगड़े की वजह मामूली आपसी कहासुनी बताई गई थी।

इधर, अवैध हथियारों की भी खूब हो रही बरामदगी
जिला में लाइसेंसी हथियारों की भरमार होने के बाद भी अवैध हथियारों के पकड़े जाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। पुलिस ने पिछले साल 67 लोगों को 47 अवैध हथियारों के साथ पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 64 जिंदा कारतूस भी बरामद किए।

जांच-पड़ताल के बाद बनाया जाता है लाइसेंस:डीसी
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि पुलिस की सिफारिश व पूरी जांच पड़ताल के बाद उन्हीं का शस्त्र लाइसेंस बनाया जाता हैं जिनके लिए यह जरूरी होता है। अब लव मैरिज करने वाले युवक-युवतियां भी ऑनर कीलिंग का डर बता लाइसेंस के लिए आवेदन कर रहे हैं। लाइसेंस धारक यदि किसी अपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाता है। पिछले दिनों में 17 लोगों के लाइसेंस रद्द किए गए।

With Thanks Refrence to: https://www.bhaskar.com/local/haryana/ambala/kaithal/news/on-an-average-every-115th-adult-in-the-district-has-a-license-935-such-people-who-have-more-than-1-weapon-now-women-also-like-to-keep-weapons-129409847.html

Spread the love