रहस्य का खुलासा:एपल आईफोन से, अमेजन क्लाउड और गूगल, मेटा विज्ञापन से सबसे अधिक मुनाफा कमाते हैं

02_1651331774

अमेरिका की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां बेतहाशा धन कमाती हैं। 2021 में अल्फाबेट (गूगल), अमेजन, एपल, मेटा (फेसबुक) और माइक्रोसॉफ्ट की कुल आय 106 लाख करोड़ रुपए रही। विश्लेषकों को आशा है कि 2022 के पहले तीन महीनों में इन टेक कंपनियों की कुल बिक्री 25 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहेगी। ये कंपनियां अब तक अपनी आय और मुनाफे के मुख्य स्रोतों को गुप्त रखती रही हैं। लेकिन, गोपनीयता का परदा झीना होता जा रहा है। ब्रोकरों की रिपोर्ट, हेज फंड विश्लेषण और कारोबारी एकाधिकार के खिलाफ चल रहे एंटी ट्रस्ट मुकदमे बड़ी टेक कंपनियों के अंदरूनी कामकाज पर प्रकाश डाल रहे हैं। बाहर आई जानकारियों से तीन मुुख्य बिंदु सामने आए हैं- भारी मुनाफा, घटते कस्टमरों और एंटी ट्रस्ट कार्रवाई से नुकसान का खतरा। एपल के मुनाफे का मुख्य स्रोत आईफोन है। अमेजन सबसे ज्यादा पैसा क्लाउड कंप्यूटिंग से कमाती है। अल्फाबेट और मेटा का काम ऑनलाइन एडवरटाइजिंग के बिना नहीं चल सकता है।

ये कंपनियां अपनी छोटी पर तेजी से बढ़ रही यूनिटों का ब्योरा नहीं बताती हैं। अल्फाबेट और एपल के मुनाफे के बहुत बड़े स्रोत एप स्टोर की ओर लोगों का ध्यान नहीं है। ये कंपनियां अपने प्लेटफार्म पर उपयोग किए जाने वाले एप पर 30% से अधिक मुनाफा लेती हैं। वीडियो गेम एपिक गेम्स द्वारा दाखिल मुकदमे में कहा गया है, चूंकि एप स्टोर का खर्च बेहद कम है इसलिए एपल एप स्टोर का मुनाफा 78% है। गूगल के लिए यह आंकड़ा 62% बताया गया है। अमेजन और मेटा अपनी आय के स्रोतों और मुनाफे का ब्योरा देने में ज्यादा गोपनीयता नहीं बरतते हैं। मेटा ने स्वीकार किया है कि उसकी 97% आय ऑनलाइन एडवरटाइजिंग से होती है। अमेजन को 2021 में अपने थर्ड पार्टी वेंडरों से 7.78 लाख करोड़ रुपए की आय हुई। यह उसके कुल कारोबार का 22% है। मुनाफे के लिए कुछ स्रोतों पर निर्भर रहने की कमजोरी के साथ बड़ी टेक कंपनियों की एक और कमजोरी ग्राहकों की संख्या में गिरावट है। 2019,2020 में नया आईफोन खरीदने वाले 20% यूजरों ने दूसरा स्मार्ट फोन ले लिया। दस्तावेजों से पता लगा है, फेसबुक, इंस्टाग्राम के यूजर भी कम हो रहे हैं।

With Thanks Refrence: https://www.bhaskar.com/magazine/economist/news/from-apple-iphone-amazon-cloud-and-google-make-the-most-profits-from-meta-ads-129741287.html

Spread the love