पर्यटन: हिमाचल में व्हाइट क्रिसमस मनाने की आस में उमड़े लाखों सैलानी, होटल पैक
हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस मनाने के लिए लाखों पर्यटक उमड़े हैं और होटल पैक हो गए हैं। कालका-शिमला मार्ग पर एक दिन में 10 हजार वाहनों की आवाजाही हुई है। राजधानी शिमला सहित मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में भी सैलानियों की भारी भीड़ है। कई पर्यटक न्यू ईयर मनाकर अपने घरों को लौटेंगे। दिल्ली में पाबंदी और पंजाब में बम धमाके के बाद अधिकांश सैलानी हिमाचल का रुख कर रहे हैं। शिमला में 90, डलहौजी में 100, सोलन, कसौली में 95, धर्मशाला में 70 फीसदी होटल पैक हैं।
मनाली में सरकारी होटल पैक, निजी में 80 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी है। होटल एसोसिएशन मनाली के मुख्य संरक्षक गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि क्रिसमस को मनाली में कई बड़े होटलों की ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी से अधिक चल रही है। पर्यटन निगम मनाली के एजीएम बीएस ओक्टा ने कहा कि क्रिसमस के लिए निगम के अधिकतर होटल पैक हैं। होटलों और रेस्टोरेंट में डीजे की धुनों पर सैलानियों के थिरकने के भी खास बंदोबस्त हैं।
क्रिसमस और नववर्ष के के लिए पर्यटन नगरी धर्मशाला, मैक्लोडगंज और बीड़ बिलिंग के होटल एडवांस में बुक हो गए हैं। 25 दिसंबर से लेकर तीन जनवरी तक जिले के होटलों में करीब 70 फीसदी एडवांस बुकिंग है। बाहरी राज्यों से भारी संख्या में लोग पर्यटक स्थल शिमला, कुफरी, चायल, कसौली का रुख कर रहे हैं।
कालका-शिमला एनएच पर वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों में एनएच से करीब साढ़े चार हजार वाहनों का प्रवेश हो रहा है। क्रिसमस से एक दिन पूर्व शुक्रवार को एनएच पर वाहनों की संख्या एकाएक बढ़ गई है।
शाम पांच बजे तक 9964 छोटे वाहनों ने कालका-शिमला एनएच से आवाजाही की। डलहौजी में भी होटल पैक हो गए हैं। शुक्रवार को डलहौजी और खज्जियार में 1800 के करीब वाहन पहुंचे। वहीं, हजारों की संख्या में सैलानी क्रिसमस मनाने शुक्रवार को शिमला पहुंचे। लिफ्ट पार्किंग के सभी फ्लोर दोपहर बाद पैक रहे।
सर्कुलर रोड से मालरोड जाने वाली लिफ्ट के बाहर दिनभर सैलानियों की कतारें लगी रहीं। क्रिसमस के लिए शहर के होटलों में डायन एंड डांस के साथ गाला डिनर की व्यवस्था की है। होटलों और रेस्टोरेंट में डीजे की धुनों पर सैलानियों के थिरकने के भी खास बंदोबस्त हैं। होटल होलीडे होम में आज से कश्मीरी फूड फेस्टिवल शुरू हो रहा है।
यहां लाइव गजलों के साथ लोग लजीज कश्मीरी वेज और नॉन वेज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। 31 दिसंबर तक यह आयोजन होगा। शहर के निजी होटलों में भी क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए खास तैयारियां की हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शहर को पांच सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में पुलिस की गाड़ी तैनात रहेगी।
शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि क्रिसमस से एक दिन पहले ही शहर के अधिकांश होटल 90 फीसदी तक फुल हो गए हैं। शिमला में क्रिमसम सैलिब्रेशन को लेकर टूरिस्टों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते पांच दिन में करीब 14480 वाहन बाहरी राज्यों से शिमला में दाखिल हुए हैं। भारी संख्या में वाहनों की आमद से ट्रैफिक पुलिस को भी व्यवस्था बनने के लिए खूब पसीना बहाना पड़ रहा है।
With Thanks Refrence to: https://www.amarujala.com/photo-gallery/shimla/lakhs-of-tourists-flocked-to-celebrate-white-christmas-in-himachal-hotels-packed?pageId=3