हरियाणा में झमाझम बरस और गरज रहे बदरा:वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर; 16 जिलों में देररात से हो रही बारिश, 4 फरवरी तक होती रहेगी बूंदाबांदी

whatsapp-image-2022-02-03-at-83230-am_1643858395

हरियाणा प्रदेश में गुरुवार अलसुबह 16 जिलों में बादल झमाझम बरसे और गरजे। कुछ जिलों में अभी भी बारिश हो रही है, क्योंकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर हो रहा है। कुछ जिलों में तो देररात से ही हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। जनवरी में भी रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई और यह सिलसिला फरवरी में भी जारी है। 4 फरवरी तक इसी तरह बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला, पंचकूला, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, भिवानी, चरखीदादरी जिलों में बुधवार देररात व गुरुवार सुबह तेज हवाएं चलीं और बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज होने वाली बारिश के बाद कल भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के मौसम में फिर से बदलाव हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के उत्तर व पश्चिमी क्षेत्रों में 3 फरवरी की रात व 4 फरवरी को बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक व हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की होने की संभावना भी बनी रहेगी।

बारिश गेंहू, जौ व चने की फसलों को भरपूर फायदा देगी, लेकिन तेज हवा के कारण सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। उधर, बुधवार को लगातार दूसरे दिन सुबह की शुरुआत गहरी धुंध से हुई थी। धुंध के कारण सुबह 7 बजे तक दृश्यता सिर्फ 100 मीटर रही। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होता रहा।

11 बजे धूप खिलने से ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छा गए। दिन ढलने तक सूर्य व बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। सूर्य अस्त होने के बाद मौसम में फिर से ठंडक बढ़ गई। दिन के तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई और यह 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

With Thanks Refrence to:https://www.bhaskar.com/local/haryana/hisar/news/heavy-rain-in-16-districts-since-late-night-drizzle-will-continue-till-february-4-129364666.html

Spread the love