दुखद: एक के बेटे ने की आत्महत्या तो एक का हुआ एक्सीडेंट, कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह गए इन सितारों के बच्चे
मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को हमने हमेशा बड़े पर्दे पर कोई किरदार निभाते हुए देखा है। अपने अभिनय के जरिए लोगों के दिलों में जगह बना चुके ये अभिनेता असल जिंदगी में किन कठिनाइयों से गुजरते हैं, इसका अंदाजा कोई नहीं लगा सकता। जनता के सामने अपनी कला का प्रदर्शन करना इनका काम होता है और इसमें वह कोई कसर नहीं छोड़ते। इनकी असल जिंदगी के बारे में कम ही लोग जानते हैं। आज हम आपको बॉलीवुड के ऐसे सितारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बच्चों ने कई उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया था।
गोविंदा
गोविंदा को बॉलीवुड के स्वैग मैन के रूप में जाना जाता है। अक्सर हमने फिल्मों के जरिए गोविंदा को लोगों को हंसाते हुए देखा है, लेकिन अपनी निजी जिंदगी में वह अपनी बच्ची को खोने का दुख झेल चुके हैं। उन्होंने अपनी चार साल की बच्ची को खो दिया था। दरअसल, बच्ची का जन्म समय से पहले हुआ था, जिसके कुछ महीने बाद ही उसका निधन हो गया। अब गोविंदा के दो बच्चें हैं टीना और यशवर्धन अहूजा।
जगजीत सिंह
जगजीत सिंह और चित्रा ने अपने 18 साल के बेटे को 1990 में एक कार दुर्घटना में खो दिया था। इसके बाद दोनों ने संगीत की दुनिया से ब्रेक ले लिया, लेकिन एक साल बाद जगजीत सिंह वापस लौट आए। वह संगीत के माध्यम से अपना दुख व्यक्त करने लगे थे। पहली शादी से चित्रा की बेटी और जगजीत सिंह की सौतेली बेटी ने भी 2009 में असफल शादी के बाद आत्महत्या कर ली थी।
कबीर बेदी
बॉलीवुड अभिनेता कबीर बेदी ने अब तक चार शादियां की हैं और वह दो बच्चों के पिता हैं। उनके एक बच्चे सिद्धार्थ को सिजोफ्रेनिया था, जिसके चलते उसने 26 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने अपने बेटे को बचाने की पूरी कोशिश की, शायद यह उसकी किस्मत में नहीं था और उन्होंने उसे अपने बेटे को खो दिया।
शेखर सुमन
1983 में अलका सुमन से शादी करने के बाद बॉलीवुड एंकर, निर्माता, अभिनेता और गायक शेखर सुमन दो बेटों आयुष और अध्ययन सुमन के पिता बने थे। अध्ययन सुमन जहां एक अभिनेता के रूप में फिल्मों में नजर आए थे, वहीं उनके बड़े बेटे आयुष ने महज 11 साल की उम्र में दिल की बीमारी के बाद दुनिया को अलविदा कह दिया था।
प्रकाश राज
बॉलीवुड और साउथ की कई फिल्मों का हिस्सा रहे प्रकाश राज के बेटे की एक हादसे में जान चली गई थी। दरअसल, उनका पांच साल का बेटा छत पर पतंग उड़ाते समय छत से नीचे गिर गया और ऐसे में चोट लगने से उसकी मौत हो गई थी।
With Thanks Refrence to: https://www.amarujala.com/photo-gallery/entertainment/bollywood/indian-celebrities-who-lost-their-children-at-young-age-from-govinda-to-shekhar-suman?pageId=6