Russia-Ukraine war: यूक्रेन को लड़ाकू विमान देना ‘भारी जोखिम भरा’, नाटो को अमेरिका ने आगाह किया

russia-ukraine-war_1646796404 (2) (1)

खास बातें

यूक्रेन से अगले दौर की वार्ता में और अधिक महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद है। विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव तुर्की में हैं, जहां वह यूक्रेन के विदेशमंत्री दिमित्रो कुलेबा के साथ बातचीत करेंगे।

यूक्रेन को 13.5 अरब डॉलर की मदद

अमेरिका के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव ने यूक्रेन व सहयोगी देशों को 13.6 अरब डॉलर की मदद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह यूक्रेन को 1.5 खरब डॉलर की बहुपक्षीय वित्तीय मदद का हिस्सा है। 

कीव के पास से 700 लोग निकले, कारों पर सफेद झंडे लगाए

राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में स्थित 700 लोग कारों पर सफेद झंडे लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर निकले। यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने कहा कि वोरजेल और इरपिन से करीब 700 लोगों को निकाला गया है। इनमें से कई ने कुछ दिनों से कुछ नहीं खाया है।

पेंटागन ने नाटो को आगाह किया

उधर अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने नाटो को आगाह किया है कि यूक्रेन को लड़ाकू विमान देना बहुत जोखिम भरा होगा। अमेरिका ऐसे किसी भी प्रस्ताव का विरोध करेगा। 

बच्चों के अस्पताल पर बमबारी को जेलेंस्की ने बताया नरसंहार

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मारियुपोल में बुधवार को बच्चों के अस्पताल पर रूसी बमबारी को नरसंहार करार दिया है। उन्होंने कहा कि रूस ने यहां संघर्ष विराम के बाद भी बम बरसाए। एक समाचार एजेंसी ने दावा किया है कि बच्चों के अस्पताल पर हवाई हमले से 17 कर्मचारी घायल हो गए।

भारतीयों को लेकर आया एक और विमान

इस बीच बुखारेस्ट से भारतीयों को लेकर आया एक और विशेष विमान आज सुबह करीब 6.30 बजे हिंडन एयरबेस पर उतरा। 

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन आज तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन के साथ रूस-यूक्रेन के घटनाक्रम पर चर्चा करेंगे।

रासायिक व जैविक हथियार पर रूस-अमेरिका आमने-सामने

बाइडन प्रशासन ने आगाह किया है कि रूस यूक्रेन में रासायनिक या जैविक हथियारों का उपयोग कर सकता है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने यूक्रेन में रासायनिक हथियारों के संभावित उपयोग की चेतावनी दी। उधर, रूस ने आरोप लगाया है कि अमेरिका यूक्रेन में जैविक हथियारों एकत्रित कर रहा है। साकी ने यूक्रेन के इस दावे को खारिज कर दिया और कहा कि रूस के आरोप झूठे और बेतुके हैं। 

जंग का 15 वां दिन: अमेरिका ने चेताया- यूक्रेन में रासायनिक हमले की आशंका, लड़ाकू विमान देना ‘भारी जोखिम भरा’

रूस-यूक्रेन के बीच जंग छिड़े गुरुवार को दो सप्ताह पूरे हो गए। जंग के पंद्रहवें दिन भी इसके थमने के आसार नहीं दिख रहे हैं, हालांकि दोनों देशों के तेवर कुछ नरम पड़े हैं। यूक्रेन जहां नाटो की सदस्यता की जिद से पीछे हटा है, वहीं रूस ने कहा है कि वह यूक्रेन की मौजूदा सरकार को गिराना नहीं चाहता बल्कि इस देश को वह तटस्थ बनाना चाहता है। उधर, अमेरिका ने रूस द्वारा यूक्रेन में रासायनिक व जैविक हमले की आशंका जताते हुए आगाह किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के नाटो में शामिल न होने के एलान के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी नरमी दिखाई है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कहा है कि हमारा मकसद यूक्रेन की सरकार को गिराना नहीं, बल्कि तटस्थ स्थिति सुनिश्चित करना है। रूस इस  लक्ष्य को हासिल कर के रहेगा। मारिया ने कहा, यूक्रेन से अगले दौर की वार्ता में और अधिक महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद है। विदेशमंत्री सर्गेई लावरोव तुर्की में हैं, जहां वह यूक्रेन के विदेशमंत्री दिमित्रो कुलेबा के साथ बातचीत करेंगे।

With Thanks Refrence to: https://www.amarujala.com/live/world/russia-ukraine-war-us-warns-of-possible-russian-chemical-attack-in-ukraine-russias-tone-softens-know-live-updates?src=tlh&position=1

Spread the love