Manmohan Desai: बालकनी से गिरकर मनमोहन देसाई का हुआ था निधन, वर्षों बाद भी मौत का रहस्य बरकरार
बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर मनमोहन देसाई की एक मार्च को पुण्यतिथि है। डायरेक्टर का जन्म 26 फरवरी 1937 को मुंबई में हुआ था। निर्माता एक गुजराती परिवार से संबंध रखते थे। उनके पिता कीकू भाई देसाई भारतीय फिल्म प्रोड्यूसर और पैरामाउंट स्टूडियो के मालिक थे।
अमिताभ बच्चन के साथ मनमोहन देसाई ने बनाईं कई फिल्में
मनमोहन देसाई ने डायरेक्शन में अपने करियर की शुरुआत फिल्म छलिया से की थी। इसके बाद सुभाष के प्रोडक्शन हाउस में मनमोहन ने फिल्म ब्लफ मास्टर, धरमवीर, देश प्रेमी आदि फिल्मों को डायरेक्ट किया था। निर्माता ने अपने 29 साल के करियर में 20 फिल्मों का डायरेक्शन किया। उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ तमाम फिल्में कीं। कहा जाता है कि अमिताभ बच्चन का करियर बनाने में मनमोहन देसाई का बड़ा हाथ है। उन्होंने बिग बी के साथ अमर अकबर एंथनी, परवरिश, सुहाग, नसीब, देश प्रेमी, कुली, मर्द, गंगा जमुना सरस्वती और तूफान जैसी फिल्में कीं। इन फिल्मों में अमिताभ बच्चन ने मुख्य भूमिका अदा की थी।
कई बड़े कलाकारों के साथ बनाईं फिल्में
मनमोहन देसाई ने राज कपूर, शम्मी कपूर, शशि कपूर जैसे बड़े कलाकारों के साथ भी काम किया। यहां तक कि उन्होंने राजेश खन्ना के साथ भी फिल्में बनाईं, जिनमें सच्चा झूठा और रोटी जैसी बेहतरीन फिल्में शामिल हैं।
1979 में हुआ था मनमोहन की पत्नी जीवनप्रभा का निधन
उन्होंने जीवनप्रभा गांधी से शादी की थी, लेकिन साल 1979 में उनकी पत्नी की मौत हो गई थी, जिसके बाद मनमोहन देसाई काफी समय तक अकेले रहे थे। उन्होंने साल 1992 में दूसरी शादी की थी। उन्होंने नंदा से सगाई की थी। नंदा और मनमोहन का एक बेटा है केतन देसाई, जो फिल्म इंडस्ट्री से ही जुड़े हुए हैं। केतन ने कंचन कपूर से शादी की, जो शम्मी कपूर और गीता बाली की बेटी हैं।
57 साल की उम्र में मनमोहन ने दुनिया को किया अलविदा
एक मार्च 1994 के दिन 57 साल की उम्र में मनमोहन देसाई दुनिया को अलविदा कह गए। जानकारी के मुताबिक, निर्माता की मौत बालकनी से गिरने से हुई थी। हालांकि, उनकी मौत के बाद कई तरह की बातें सामने आईं। लोगों का कहना था कि उन्होंने आत्महत्या की। इन बातों के बारे में अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है कि उनकी मौत किस तरह हुई थी। वह आज भी लोगों के लिए रहस्य ही बनी हुई है।
With Thanks Reference to: https://www.amarujala.com/photo-gallery/entertainment/bollywood/manmohan-desai-death-anniversary-of-bollywood-best-director-know-about-his-career-and-mysterious-death-2023-03-01?pageId=5