Anju Mahendru: सात साल तक राजेश खन्ना के साथ लिव इन में रहीं अंजू महेंद्रू , फिर इस वजह से नहीं की काका से शादी

anju-mahendru-rajesh-khanna_1673408782

बीते समय में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री, मॉडल और फैशन डिजाइनर रही अंजू महेंद्रू का आज जन्मदिन है। 11 जनवरी 1946 को जन्मी अंजू आज अपना 77वां जन्मदिन मना रही हैं। अभिनेत्री ने साल 1966 में  फिल्म ‘उसकी कहानी’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। अंजू ने फिल्मों के साथ साथ टेलीविजन में भी अभिनय किया है। लेकिन अंजू बॉलीवुड जगत के मशहूर अभिनेता राजेश खन्ना के साथ अफेयर के कारण ज्यादा चर्चा में रही थी। दोनों लगभग 7 साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे थे।

जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीना पसंद करती हैं अंजू महेंद्रू
अंजू बहुत खुले विचारों की और जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीना पसंद करती हैं। सभी जानते हैं कि राजेश खन्ना एक बड़े कलाकार थे, उन पर लड़कियां खूब मरती थी। लेकिन अंजू महेंद्रू उनके बेहद करीब थी। राजेश खन्ना और अंजू महेंद्रू का रिश्ता बहुत गहरा था। कहते हैं कि अंजू  राजेश खन्ना की सारी बातें माना करती थीं। 

अंजू महेंद्रू ने ठुकराया था शादी का प्रपोजल
जानकारी के मुताबिक राजेश खन्ना ने अंजू को एक आलीशान बंगला भी खरीद कर तोहफे में दिया था। अभिनेत्री उस दौरान मॉडलिंग में स्ट्रगल कर रही थी। वह राजेश खन्ना की बचपन की दोस्त थीं। जिसके बाद दोनों लंबे वक्त तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे थे। बताया जाता है कि जब राजेश खन्ना ने अंजू को शादी के लिए प्रपोज किया था, तब उन्होंने इस प्रपोजल को ठुकरा दिया था। जिसके कारण राजेश अंजू से बेहद नाराज हुए थे। इसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए। राजेश खन्ना के साथ रिश्ता खत्म होने के बाद अंजू ने एक इंटरव्यू में बताया था कि अभिनेता रूढ़िवादी सोच के व्यक्ति थे। अंजू ने यह भी बताया कि राजेश उन्हें काम करने नहीं देना चाहते थे। 

राजेश खन्ना ने अंजू महेंद्रू के घर के बाहर से निकाली थी बारात
अंजू के साथ ब्रेकअप के बाद राजेश खन्ना ने अपने से 16 साल छोटी अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया से शादी कर ली थी। बताया जाता है कि जिस दौरान राजेश खन्ना अपनी बारात लेकर बांद्रा से जुहू जा रहे थे, तभी उन्होंने उसका रास्ता बदल कर, जानबूझ कर अंजू महेंद्रू के घर के सामने से लेकर गए थे।

वेस्टइंडीज के क्रिकेटर गैरी सोबर्स के साथ चला अफेयर
इसके बाद अंजू का अफेयर वेस्टइंडीज के क्रिकेटर गैरी सोबर्स के साथ चला। दोनों की सगाई भी हो गई थी, लेकिन उन्होंने शादी नहीं की। दरअसल, दोनों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई और उसके बाद अंजू ने सगाई तोड़ दी। अंजू एक इंटरव्यू में बताती हैं कि उन्होंने राजेश खन्ना के घर से ही गैरी को फोन करके सगाई तोड़ दी थी। हालांकि इसके बाद अंजू महेंद्रू ने अभिनेता अमजद खान के भाई इम्तियाज से शादी कर ली थी।

17 साल तक नहीं की बात
बताया जाता है कि ब्रेकअप के बाद लगभग 17 साल तक दोनों की बातचीत नहीं हुई थीं।  हालांकि इसके बाद उनकी कुछ मौकों पर बातचीत शुरू हुई थी। साल 2012 में राजेश खन्ना की मौत के वक्त अंजू उनके अंतिम संस्कार में पहुंची थी। अंजू को कई मौकों पर राजेश खन्ना के परिवार के साथ देखा जा चुका है। 

With Thanks Reference to: https://www.amarujala.com/photo-gallery/entertainment/bollywood/anju-mahendru-birthday-live-in-relationship-with-rajesh-khanna-for-seven-years-unknow-facts-about-actress?pageId=6

Spread the love