गुजरात Results: रवींद्र जडेजा की पत्नी एक बार फिर से आगे निकलीं, AAP के इटालिया पीछे, जानें हॉट सीटों का हाल
गुजरात चुनाव का परिणाम आज (आठ दिसंबर) घोषित हो जाएगा। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो चुकी है। इससे यह भी साफ हो जाएगा कि गुजरात में 27 साल से कायम भाजपा का राज आगे जारी रहेगा या सत्ता के लिए विपक्ष का लंबा इंतजार खत्म होगा। हालांकि, तमाम एग्जिट पोल ने पहले ही अनुमान लगाया है कि इस बार भाजपा की जीत का नया रिकॉर्ड बनेगा। यही नहीं पिछले कई चुनावों से ज्यादा सीटें मिलने का भी अनुमान है।
182 सीटों वाले गुजरात में इस बार कुल 1621 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा से लेकर गुजरात सरकार के कई मंत्री तक की किस्मत भी दांव पर है। इसके अलावा आज ही पाटीदार आंदोलन चलाने वाले हार्दिक पटेल, आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, कांग्रेस नेता इंद्रनील राजगुरू जैसे दिग्गज नेताओं के भाग्य का भी फैसला हो जाएगा।
1. घाटलोडिया सीट: यहां से गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल खुद भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े। एग्जिट पोल के मुताबिक, भूपेंद्र पटेल इस सीट से आगे चल रहे हैं। घाटलोडिया सीट गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में आती है। यहां भूपेंद्र पटेल के खिलाफ कांग्रेस ने अपनी पार्टी की राज्यसभा सांसद अमी याग्निक को मुकाबले में उतारा। वहीं, आम आदमी पार्टी ती तरफ से विजय पटेल ने चुनाव लड़ा।
2. वीरमगाम सीट : अहमदाबाद जिले की ही वीरमगाम सीट की भी काफी चर्चा है। यहां से बीजेपी ने पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को मैदान में उतारा था। एग्जिट पोल के अनुसार, हार्दिक पटेल आगे चल रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने मौजूदा विधायक लाखाभाई भरवाड़ को उतारा था। मतलब कांग्रेस अपनी यह सीट हार सकती है।
3. खंभालिया विधानसभा : यहां से आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी ने चुनाव लड़ा। एग्जिट पोल के मुताबिक, इस सीट से गढ़वी पीछे चल रहे हैं, जबकि भाजपा के मूलुभाई बेरा आगे चल रहे हैं। यहां से कांग्रेस ने विक्रम अर्जनभाई माडम को अपना प्रत्याशी बनाया था।
4. जामनगर उत्तर : इस सीट पर से भाजपा ने क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को उम्मीदवार बनाया था जो कि फिलहाल आगे चल रही हैं। हालांकि, इससे पहले पह तीसरे नंबर पर खिसक गई थीं। कांग्रेस ने यहां से बिपेन्द्र सिंह जाडेजा और आप ने करसनभाई करमुर को टिकट दिया था।
5. राजकोट पूर्व : राजकोट जिले की पूर्व सीट से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रनील राजगुरु आगे बताए जा रहे हैं। भाजपा ने इस बार यहां से उदय कनगड़ और आप ने राहुल भुवा को उतारा था।
6. कतारगाम: इस सीट से आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला भाजपा के वीनू मोरडिया और कांग्रेस के कल्पेश वारिया से हुआ।
7. वडगाम: इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जिग्नेश मेवाणी की जीत का अनुमान लगाया गया है। वडगाम सुरक्षित सीट है। 2017 के विधानसभा चुनाव में जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय जीते थे।
8. गांधीनगर दक्षिण: इंडिया टीवी के एग्जिट पोल ने इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के अल्पेश ठाकोर की जीत का अनुमान लगाया गया है।
9. मोरबी विधानसभा : इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कांतिलाल अमृतिया की जीत का अनुमान लगाया गया है। यह वही मोरबी है, जहां पिछले महीने पुल हादसा हुआ था, जिसमें 135 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी।
10. भावनगर पश्चिम: इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीतेंद्र भाई उर्फ जीतू वाघाणी की जीत का अनुमान है। कांग्रेस ने यहां से किशोर सिंह को प्रत्याशी बनाया था, जबकि आप के टिकट पर राजू सोलंकी ने चुनाव लड़ा था।
With Thanks Reference to: https://www.amarujala.com/photo-gallery/india-news/gujarat-election-result-2022-vote-counting-today-assembly-chunav-bjp-congress-aap-win-lose-hot-seats-news?pageId=11